मुजफ्फरनगर में 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

DATE – 12.02.2026
मुजफ्फरनगर।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में देर रात बुढाना कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात बदमाश अमजद पुलिस की गोली लगने से मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि एक वांछित और कुख्यात बदमाश बुढाना थाना क्षेत्र के विज्ञान रोड स्थित जंगलात इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश अमजद घायल हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से सब इंस्पेक्टर संदीप और सिपाही अशफाक घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बुढाना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान इनामी बदमाश अमजद की मौत हो गई, जबकि दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।
मौके से पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक 9 एमएम कार्बाइन, एक पिस्टल, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बड़ी मात्रा में कारतूस, मोबाइल फोन, कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और लूट की गई ज्वेलरी बरामद की है।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि यह मुठभेड़ एसपी ग्रामीण और सीओ बुढाना के नेतृत्व में हुई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस पर सीधे फायर किए, जिसमें पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट और सरकारी वाहन पर भी गोलियों के निशान पाए गए हैं।

एसएसपी के अनुसार, मृतक बदमाश अमजद करीब 35–36 वर्ष का था और उस पर लूट, हत्या, डकैती और अपहरण जैसे लगभग 40 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में केस दर्ज थे। फिलहाल पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
