मुज़फ्फरनगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

मामला जनपद मुज़फ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला सरवट, गली नंबर 6 का है। यहां 32 वर्षीय इनाम, जो पेशे से पेंटर था, का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। वहीं उसकी 30 वर्षीय पत्नी नूरीन का शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला। इसके अलावा उनके दो मासूम बच्चे—डेढ़ वर्षीय आहिल और डेढ़ माह की अक्सा—बेड पर मृत अवस्था में पाए गए।
सुबह घर में कोई हलचल न होने पर परिजनों को शक हुआ। जब उन्होंने कमरे में झांककर देखा तो सभी के होश उड़ गए। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ सिटी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्राथमिक जांच में मामला गृह कलह से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इनाम ने अपनी बहन को ईदी के तौर पर 1700 रुपये दिए थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि देर रात तक दोनों के बीच झगड़ा होता रहा।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति का शव फांसी पर लटका मिला है, जबकि पत्नी और बच्चों की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों की मौत जहर देने से हुई या गला दबाकर। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
