- मुज़फ्फरनगर: 2 हफ्ते में उखड़ने लगी नई सड़क, गुणवत्ता पर उठे सवाल

मुज़फ्फरनगर जनपद में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा हाल ही में बनाई गई सड़क की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीनना गांव से सलेमपुर गांव तक करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क, जो महज दो सप्ताह पहले ही बनी थी, अब जगह-जगह से खराब होती नजर आ रही है। सड़क पर घास उग आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले को लेकर पीनना निवासी सुमित मलिक, जो किसान और आरटीआई कार्यकर्ता भी हैं, ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र भेजकर जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है और सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सड़क के किनारों पर मजबूती के लिए लगाई जाने वाली ईंटों की सपोर्टिंग भी नहीं की गई, जिससे सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो रही है। उन्होंने संबंधित निर्माण कंपनी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सुमित मलिक ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो और सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके।
इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि मंडलायुक्त सहारनपुर, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर और अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।
