- राकेश टिकैत का पीएम मोदी की अपील को समर्थन, बोले- “मुसीबत के समय देश के साथ खड़ा रहना चाहिए”

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत, सोने में कम निवेश और किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने समर्थन जताया है। मुजफ्फरनगर में मीडिया से बातचीत करते हुए टिकैत ने कहा कि देश जब मुश्किल दौर में हो तो सभी लोगों को जिम्मेदारी निभानी चाहिए और ईंधन की बचत करनी चाहिए।
राकेश टिकैत ने कहा कि किसान लंबे समय से ऑर्गेनिक खेती की बात करते आ रहे हैं, लेकिन सरकार को फर्टिलाइजर सब्सिडी सीधे किसानों के खाते में देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी जमीन है, उसी हिसाब से उसे सब्सिडी मिलनी चाहिए। टिकैत ने आरोप लगाया कि ऑर्गेनिक खेती करने वाले किसानों की सब्सिडी का फायदा कई बार कंपनियां या दूसरे लोग उठा लेते हैं।
उन्होंने कहा कि देश को धीरे-धीरे जैविक खेती की ओर बढ़ना होगा और इसके लिए बड़े शहरों में ऑर्गेनिक मार्केट तैयार किए जाने चाहिए। टिकैत ने सुझाव दिया कि दिल्ली समेत बड़े शहरों के मॉल में किसानों को सस्ते किराए पर दुकानें उपलब्ध कराई जाएं, जहां प्रमाणित ऑर्गेनिक उत्पाद बेचे जा सकें। साथ ही उन्होंने ऑर्गेनिक उत्पादों की सख्त मॉनिटरिंग और सैंपलिंग की भी मांग की।
पेट्रोल-डीजल की बचत पर बोलते हुए टिकैत ने कहा कि लोगों को बिना जरूरत वाहन इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। उन्होंने नेपाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक बड़े नेता और मंत्री खुद पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करेंगे, तब तक आम लोग भी निजी वाहनों से दूरी नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकल ट्रेनों को बंद करने से लोग मजबूरन बाइक और कार का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे ईंधन की खपत बढ़ रही है।
सोने में कम निवेश की अपील पर टिकैत ने कहा कि खाप पंचायतें भी सादगी की बात करती रही हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि शादी समारोह में सोने की सीमा तय करने के लिए कानून बनाया जाना चाहिए, ताकि फिजूल खर्ची कम हो सके।
किसान नेता ने कहा कि देश को कृषि अनुसंधान और वैज्ञानिकों पर ज्यादा निवेश करना होगा, ताकि ऐसे बीज विकसित हो सकें जिनमें कम कीटनाशक और कम रसायनों की जरूरत पड़े। उन्होंने कहा कि यह पहल सही दिशा में है और देशहित में ईंधन बचत व ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है।
