धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स के चेयरमैन विजय कुमार गोयल का निधन, शुगर इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुजफ्फरनगर/नई दिल्ली। उत्तर भारत में “शुगर किंग” के नाम से पहचान रखने वाले धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड के चेयरमैन कुँवर विजय कुमार गोयल का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह करीब 86 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से शुगर उद्योग समेत कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
कुँवर विजय कुमार गोयल को देश की शुगर इंडस्ट्री का “भीष्म पितामह” माना जाता था। उन्होंने धामपुर शुगर मिल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और एक मिल से शुरुआत कर देशभर में पांच शुगर मिलों का विस्तार किया। शुगर इंडस्ट्री में आधुनिक तकनीक और नई व्यवस्थाएं लागू करने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
विजय कुमार गोयल बच्चों और खेलों के प्रति भी विशेष रुचि रखते थे। उन्होंने स्क्वैश कोर्ट बनवाकर शुगर मिल कर्मचारियों के प्रतिभाशाली बच्चों को प्रशिक्षण दिलाने का काम किया। आज कई युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर धामपुर ग्रुप का नाम रोशन कर रहे हैं।
उद्योग जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उनका बड़ा योगदान रहा। उन्होंने हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया और हमेशा कर्मचारियों व श्रमिकों को परिवार की तरह सम्मान दिया।
उधर, जैसे ही उनके निधन की सूचना धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड की मंसूरपुर यूनिट पहुंची, मिल कर्मचारियों और अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को मिल परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां सभी कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। कंपनी की ओर से दो दिन का अवकाश भी घोषित किया गया।
