
- एसटीएफ मेरठ और बागपत पुलिस की बड़ी सफलता, ₹50 हजार का इनामी शार्प शूटर विपुल उर्फ खूनी मुठभेड़ में ढेर
बागपत।
मेरठ एसटीएफ और बागपत पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹50 हजार के इनामी शातिर बदमाश विपुल उर्फ खूनी को मुठभेड़ में मार गिराया। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, विपुल उर्फ खूनी कुख्यात सुशील मूंछ गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर शामली पुलिस ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी सहित गंभीर अपराधों के तीन दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न जनपदों के थानों में दर्ज हैं।
बताया गया कि एसटीएफ मेरठ और बागपत पुलिस को विपुल की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो .32 बोर की पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसका इस्तेमाल आरोपी आपराधिक घटनाओं में आने-जाने के लिए करता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियारों और बाइक की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक नेटवर्क, गैंग के अन्य सदस्यों और उससे जुड़े मामलों की भी गहन पड़ताल की जा रही है। मुठभेड़ के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
