मुजफ्फरनगर: पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. संजीव कुमार बालियान ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को दो अलग-अलग पत्र भेजकर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं निर्माण कराने की मांग की है।

पहले पत्र में डॉ. बालियान ने मेरठ से हरिद्वार तक राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (NH-58) को 4 लेन से 6 लेन किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि परतापुर बाईपास मेरठ से मुजफ्फरनगर होते हुए हरिद्वार तक बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने पूर्व में मिली सैद्धांतिक स्वीकृति का हवाला देते हुए मेरठ बाईपास पर एलिवेटेड रोड तथा मार्ग में पड़ने वाले गांवों और कस्बों में अंडरपास एवं ओवरब्रिज का निर्माण कराते हुए पूरे मार्ग को 6 लेन किए जाने का अनुरोध किया है, ताकि यातायात सुगम, सुरक्षित और जाम मुक्त हो सके।
वहीं दूसरे पत्र में डॉ. बालियान ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे ग्राम बिराल की सीमा से राजपुर-छाजपुर तक लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड के निर्माण की मांग की है। उन्होंने बताया कि ग्राम बिराल की आबादी लगभग 14 हजार है और यह बागपत व शामली की सीमा से लगा हुआ है। इस सर्विस रोड के निर्माण से बिराल के अलावा दुर्गनपुर, हरियाखेड़ा, कमरुद्दीन नगर, बागपत के निरपुड़ा, टीकरी तथा शामली के भैंसड़ा और एलम नगर पंचायत सहित आसपास के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ. संजीव कुमार बालियान ने दोनों पत्रों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से जनहित को देखते हुए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया है।
