जयंत चौधरी का पुतला फूंकने की कोशिश नाकाम, पुतला छीनकर भागी पुलिस

हापुड़ (यूपी)।
हापुड़ जिला मुख्यालय पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी का पुतला फूंकने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुतला छीन लिया, जिसके बाद पुतला लेकर भागते पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टीईटी और शिक्षक भर्ती के मुद्दे पर प्रदर्शन
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता टीईटी परीक्षा और शिक्षक भर्ती को लेकर जयंत चौधरी के हालिया बयान से नाराज़ थे। इसी विरोध में शिक्षक संघ के लोग पुतला लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे और नारेबाज़ी करते हुए पुतला दहन की तैयारी करने लगे।
दारोगा ने छीना पुतला, लोग रह गए हैरान
जैसे ही कार्यकर्ता पुतला दहन करने वाले थे, मौके पर तैनात एक दारोगा ने अचानक पुतला छीन लिया और उसे लेकर भाग निकला। इस अप्रत्याशित कार्रवाई से मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। पूरी घटना किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ आंदोलन
प्राथमिक शिक्षक संघ का कहना है कि आरटीई एक्ट के बाद नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी को अनिवार्य करना अनुचित है। संगठन लंबे समय से इस फैसले का विरोध करता आ रहा है। संघ के आह्वान पर पिछले संसद सत्र से पहले सभी सांसदों को टीईटी अनिवार्यता के विरोध में ज्ञापन भी सौंपा गया था।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
पुतला दहन की कोशिश नाकाम होने के बाद शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने हापुड़ के तहसीलदार को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

