पत्नी से छुटकारे की मन्नत पूरी, पति ने 9 KM दंडवत कर पहुंचा मंदिर

बस्ती (उत्तर प्रदेश): जिले के सोनहा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से छुटकारा पाने के लिए देवी मां से मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर उसने 9 किलोमीटर लंबी दूरी दंडवत करते हुए मंदिर पहुंचकर अपना वचन निभाया।
जानकारी के मुताबिक, जोगेश नाम के व्यक्ति की शादी साल 2022 में हुई थी, लेकिन वैवाहिक जीवन में तनाव के चलते 2026 में उसका तलाक हो गया। जोगेश ने पहले ही देवी मां से मन्नत मांगी थी कि अगर उसे पत्नी से मुक्ति मिल जाती है, तो वह भानपुर स्थित माता के मंदिर तक दंडवत यात्रा करेगा।
मन्नत पूरी होने के बाद जोगेश ने प्रशासन से अनुमति लेकर शनिवार सुबह अपनी यात्रा शुरू की। बिना अन्न और जल ग्रहण किए उसने करीब 9 किलोमीटर की दूरी 12 घंटे में दंडवत करते हुए तय की।
यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। वहीं, परिवार के सदस्य और गांव के लोग भी उसके साथ चलते रहे और माता के जयकारे लगाते रहे।
शाम करीब 6 बजे जोगेश मंदिर पहुंचा, जहां उसने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और माता का आशीर्वाद लिया।
इस अनोखी घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
