खेत में बन रही थी मौत की फैक्ट्री, पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय गैंग

प्रधानी चुनाव से पहले हथियारों की बड़ी खेप बरामद, एक गिरफ्तार, कई फरार
डिजिटल खबर:
मुजफ्फरनगर। प्रधानी चुनाव से पहले अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने ईख के खेत में चल रही एक अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी कर दी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार और अधबने हथियारों के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मंदवाड़ा मार्ग स्थित एक गन्ने के खेत में छापा मारा गया, जहां अस्थाई ठिकाना बनाकर अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे। मौके से गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साबिर निवासी सरधना (मेरठ) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से इस धंधे में लिप्त रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 बंदूक, 3 पौनिया, 3 तमंचे, बड़ी संख्या में अधबने हथियार, लोहे के फ्रेम, नाल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा ड्रिल मशीन, शिकंजा, हथौड़ी, रेती, ग्राइंडर और स्प्रिंग जैसे हथियार बनाने के उपकरण भी मौके से मिले हैं।
पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रधानी चुनाव के लिए हथियारों की सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था। यह गिरोह दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। एक हथियार की कीमत 5 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक वसूली जाती थी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह पिछले 10-15 वर्षों में कई बार अवैध हथियार बनाने के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में शामिल टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है। साथ ही पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
