मुजफ्फरनगर | डिजिटल रिपोर्ट
ई-कॉमर्स कंपनी Amazon से सोने के बिस्किट व सिक्के मंगाकर पार्सल से चोरी करने वाला गिरोह दबोचा

थाना नई मंडी पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनी Amazon से सोने के बिस्किट व सिक्के मंगाकर पार्सल से चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 03 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 02 सोने के बिस्किट, 02 सोने के सिक्के (अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये) और 04 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव तथा थानाध्यक्ष नई मंडी बृजेश कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व में की गई।
घटना का खुलासा
दिनांक 11 फरवरी 2026 को एम.एस. वाटर मेलन कंपनी के सुपरवाइजर विनोद पाल ने थाना नई मंडी में लिखित तहरीर दी कि अमेजन से सोने के बिस्किट व सिक्कों के पांच पार्सल मंगाए गए थे, जिन्हें ब्लूडार्ट के माध्यम से डिलीवर किया गया। पार्सल मंगाने वाले व्यक्ति ने डिलीवरी बॉय से संपर्क कर पार्सल प्राप्त किए और धोखाधड़ी करते हुए बक्सों से सोने के सिक्के व बिस्किट निकालकर खाली पैकेट वापस कर दिए।
मामले में थाना नई मंडी पर मु0अ0सं0-065/2026 धारा 318(4), 303(21), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। 14 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर सहावली कट के पास से दिनेश कुमार, सूर्या और भूप सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने फरार साथियों अशोक और हितेश के साथ मिलकर अलग-अलग शहरों में प्रीपेड ऑर्डर करते थे। पहले छोटे-मोटे सिल्वर सिक्कों के ऑर्डर कैंसिल कर डिलीवरी बॉय का विश्वास जीतते, फिर महंगे गोल्ड ऑर्डर कर पार्सल से माल निकालकर कैशबैक के बहाने ऑर्डर रद्द कर देते थे। सिम कार्ड गरीब लोगों को लालच देकर लेते और वारदात के बाद तोड़कर फेंक देते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह ने मुजफ्फरनगर, मेरठ, गोरखपुर और प्रयागराज में भी इसी तरह की वारदातें की हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 15,000 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
