प्यार पर पहरा: वैलेंटाइन डे से पहले मुजफ्फरनगर में सख्ती, होटल-रेस्टोरेंट्स को चेतावनी
मुजफ्फरनगर | 13 फरवरी 2026
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में वैलेंटाइन डे से एक दिन पहले माहौल गरमा गया है। शिवसेना और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने शहर के होटल व रेस्टोरेंट्स में पहुंचकर पत्र सौंपते हुए चेतावनी दी है कि 14 फरवरी को यदि किसी प्रतिष्ठान में नाबालिग या संदिग्ध अवस्था में कोई कपल पाया गया, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित होटल/रेस्टोरेंट मालिक की होगी।
कार्यकर्ताओं ने पत्र वितरण के दौरान कई होटलों और रेस्टोरेंट्स की निरीक्षणात्मक जांच भी की। इस दौरान एक होटल के कमरों में आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा किया गया, जिस पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर बुलाया गया और मामला पुलिस के संज्ञान में दिया गया।
क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वैलेंटाइन डे का उनकी संगठन द्वारा बहिष्कार किया जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को ऐसे स्थानों पर न भेजें। साथ ही उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को उनकी टीम होटल-रेस्टोरेंट्स में चेकिंग अभियान चलाएगी। नाबालिग या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पूनम चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य कानून हाथ में लेना नहीं है, बल्कि प्रशासन के सहयोग से “संस्कृति और बच्चों की सुरक्षा” सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एक मामले में जांच पुलिस को सौंप दी गई।
घटना को लेकर शहर में दिनभर चर्चा बनी रही। पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कही है।
