वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर कराया गया खाली
जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर आया धमकी भरा संदेश
वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आज सुबह कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर रात करीब 1:30 बजे धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला जज संजीव शुक्ला ने तत्काल कचहरी परिसर खाली कराने का अनुरोध किया।
कामकाज ठप, पुलिस की सघन जांच
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वकीलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की। जांच के दौरान हर संदिग्ध स्थान और वस्तु की बारीकी से पड़ताल की गई।
ईमेल की जांच, FIR की तैयारी
डीसीपी वर्मा प्रमोद कुमार ने बताया कि धमकी एक ईमेल के माध्यम से मिली थी। एहतियातन परिसर खाली कराया गया और सभी अधिवक्ताओं व कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिस ईमेल आईडी से संदेश भेजा गया, उस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। ईमेल के कंटेंट का विश्लेषण किया जा रहा है, जिसमें करीब 18–19 स्थानों का उल्लेख है—इन सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। सतर्कता जारी
पुलिस जिला जज के संपर्क में है और जैसे ही औपचारिक तहरीर मिलती है, आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
