मुजफ्फरनगर: रजवाहे का पानी बना किसानों के लिए आफत, कई बीघा गन्ना फसल बर्बाद
:विभाग की लापरवाही का आरोप, किसानों ने लगाया लाखों के नुकसान का दावा
लोकेशन: मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर के मोघपुर गांव से किसानों की बदहाली की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। कुदरत की मार के बाद अब विभागीय लापरवाही ने किसानों की कमर तोड़ दी है। रजवाहे का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में भर गया, जिससे कई बीघा गन्ने की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई।
अपनी मेहनत को पानी में डूबता देख किसान बेबस नजर आ रहे हैं। अंकुश मलिक और देवेंद्र मलिक सहित कई किसानों की फसलें पानी में गल रही हैं, जिससे उन्हें लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
किसानों का आरोप है कि उन्होंने समय रहते जल निकासी की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि अगर समय पर सुनवाई होती, तो यह नुकसान टाला जा सकता था।
अब पीड़ित किसान सरकार और जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान लेकर किसानों को राहत देगा या नहीं।
