मुज़फ्फरनगर में BSP की बड़ी बैठक, 2027 चुनाव को लेकर रणनीति तेज

अंबेडकर जयंती कार्यक्रम को भव्य बनाने और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने पर मंथन
मुज़फ्फरनगर:
महावीर चौक स्थित बहुजन समाज पार्टी (BSP) कार्यालय पर मंगलवार को मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय मुख्य सेक्टर प्रभारी रणधीर सिंह बेनीवाल और राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्य मंडल प्रभारी बाबू मुनकाद अली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
मुनकाद अली का बयान:
राष्ट्रीय महासचिव बाबू मुनकाद अली ने कहा कि 14 अप्रैल को लखनऊ में होने वाले अंबेडकर जयंती कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। साथ ही कहा कि BSP 2027 चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश ने दी जिम्मेदारियां:
जिला अध्यक्ष आनंद प्रकाश ने अंबेडकर जयंती कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ संगठन विस्तार में जुटे हैं।
बैठक में सहारनपुर मंडल के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, मंडल जोन प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और मुख्य मंडल प्रभारी नरेश कुमार गौतम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।
