कुट्टू का आटा खाने से एडीएम न्यायिक समेत दो दर्जन लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

बागपत। नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद बागपत में फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। कुट्टू का आटा खाने से एडीएम न्यायिक शिव नारायण सिंह समेत करीब दो दर्जन लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को आनन-फानन में जिला संयुक्त अस्पताल और सीएचसी बड़ौत में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, नवरात्र में व्रत के दौरान लोग कुट्टू के आटे से बने व्यंजन का सेवन करते हैं। गुरुवार शाम एडीएम न्यायिक शिव नारायण सिंह, उनके फॉलोअर सतीश कश्यप समेत अन्य लोगों ने कुट्टू के आटे से बना भोजन किया था। भोजन करने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी।
इस घटना में कासिमपुर खेड़ी गांव के एक ही परिवार के 9 लोग (दो बच्चे सहित), मलकपुर गांव के 6 लोग और बावली गांव के 2 लोग भी बीमार हुए हैं। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग के उपायुक्त डीपी सिंह ने बताया कि संबंधित कुट्टू का आटा कहां से खरीदा गया, इसकी जांच की जा रही है। दोषी दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बाजार में मिलावटी कुट्टू के आटे की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही संदिग्ध दुकानों से सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय और पैक्ड खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें, जिससे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
