नवरात्रि से पहले मीट दुकानों पर शिवसेना का निशाना
मुजफ्फरनगर में नवरात्रि पर्व से पहले मीट दुकानों को लेकर सियासत तेज हो गई है। शिवसेना ने शहर में मीट दुकानों के अतिक्रमण और उनसे फैल रही दुर्गंध को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिवसेना के अनुसार अटल चौक, नावेल्टी चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर मीट दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नवरात्रि के दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कई दुकानों के एग्जॉस्ट फैन सड़क की ओर लगे हैं, जिससे निकलने वाली दुर्गंध और धुआं सीधे राहगीरों तक पहुंचता है। इससे न सिर्फ असुविधा होती है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।
शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि नवरात्रि आस्था और पवित्रता का पर्व है, ऐसे में प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मीट काउंटर सड़क से पीछे हों तथा एग्जॉस्ट फैन उचित दिशा में लगाए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो शिवसेना खुद मैदान में उतरकर अतिक्रमण हटाने का काम करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
शिवसेना ने मांग की है कि नवरात्रि से पहले विशेष अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पर्व मना सकें।

