अधिशासी अभियंता के खिलाफ विकास भवन कर्मचारी एसोसिएशन का धरना, ट्रांसफर की मांग
मुजफ्फरनगर। विकास भवन कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार के खिलाफ कर्मचारियों ने विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता पर अभद्र व्यवहार और अमर्यादित टिप्पणी करने के गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई और तत्काल ट्रांसफर की मांग की।
धरने में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि हाल ही में विभाग के एक कर्मचारी के साथ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे पूरे विकास भवन के कर्मचारियों में रोष फैल गया। कर्मचारियों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी उच्च अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण उन्हें धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
धरने को संबोधित करते हुए राहुल चौधरी, अध्यक्ष विकास भवन कर्मचारी एसोसिएशन ने कहा कि कार्यस्थल पर सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण कर्मचारियों का मौलिक अधिकार है। यदि किसी अधिकारी द्वारा बार-बार कर्मचारियों का अपमान किया जा रहा है, तो यह पूरी व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अधिशासी अभियंता अनिल कुमार का ट्रांसफर नहीं किया गया, तो कर्मचारी दिन-रात अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के महामंत्री कुलवंत सिंह ने कहा कि आंदोलन को विकास भवन के सभी विभागों तक फैलाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। धरने के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पीड़ित कर्मचारी सुमित कुमार ने आरोप लगाया कि उनके साथ कार्य के दौरान अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे मानसिक रूप से आहत होना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
धरना-प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए विकास भवन के कार्य प्रभावित रहे। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बातचीत का दौर चलता रहा। कर्मचारी संगठनों ने साफ कर दिया है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
