मेरठ:लिसाड़ी गेट में कपड़ा कारोबारी के मकान में लगी भीषण आग, 5 बच्चों व एक महिला की मौत, इलाके में कोहराम
मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। किदवई नगर इलाके में कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग में झुलसे 7 लोगों में से 6 की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में पांच मासूम बच्चे और एक महिला शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।
घटना थाना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर गली नंबर में रहने वाले कपड़ा कारोबारी इकबाल के मकान की है। बताया गया है कि मकान के निचले हिस्से में कपड़ों का गोदाम बना हुआ था, जबकि ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार रहता था। सोमवार रात करीब 9 बजे अचानक मकान में आग लग गई, जो देखते ही देखते नीचे रखे कपड़ों के स्टॉक में फैल गई।
आग से उठे घने धुएं और लपटों ने सीढ़ियों को घेर लिया, जिससे ऊपर फंसे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इस दौरान परिवार के पुरुष सदस्य मस्जिद गए हुए थे। मकान से चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पड़ोस में रहने वाले इदरीश के मकान की छत से सीढ़ी लगाकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
सभी घायलों को हापुड़ रोड स्थित राजधानी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 30 वर्षीय रुखसार पत्नी आसिम, आसिम के 3 वर्षीय बेटे, 6 माह की जुड़वा बेटियों नबिया और इनायत, फारूक की 12 वर्षीय बेटी महविश और 4 वर्षीय बेटे हम्माद को मृत घोषित कर दिया। इकबाल की पत्नी बानो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। वहीं बचाव के प्रयास में एक रिश्तेदार शहजाद भी झुलस गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। देर रात डॉ. वीके सिंह और अविनाश पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल है।
