मुजफ्फरनगर में पुलिस पर गंभीर आरोप, दरोगा पर घर में घुसकर मारपीट व महिला से अभद्रता का दावा
मुजफ्फरनगर। जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक दरोगा पर घर में घुसकर मारपीट करने और महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित मोहम्मद आसिफ के मुताबिक, 29 अप्रैल की सुबह उसकी पत्नी घर पर काम कर रही थी, तभी ककरौली थाने में तैनात दरोगा जबर सिंह एक सिपाही के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसके बीमार पिता जुल्फुकार के बारे में पूछताछ के दौरान गाली-गलौज की।
आसिफ का कहना है कि जब उसके पिता घर लौटे, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें घसीटते हुए सड़क तक ले गए। आरोप यह भी है कि जब उसकी पत्नी ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो दरोगा ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके कपड़े फट गए।
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने उल्टा कार्रवाई करते हुए उसकी पत्नी, मां और बीमार पिता का ही शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया। फिलहाल घायल जुल्फुकार का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
