दिल्ली: दोघट में कॉरिडोर कट की मांग, नरेश टिकैत ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

दिल्ली, 24 मार्च 2026। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बागपत जनपद के दोघट क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उठाया। उन्होंने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर दोघट में आवश्यक कट देने और क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण की मांग रखी।
टिकैत ने बताया कि कॉरिडोर पर कट न होने से स्थानीय किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों तक पहुंचने, फसल को मंडियों तक ले जाने और रोजमर्रा के आवागमन में लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि दोघट में उचित स्थान पर कट दिया जाता है तो इससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और स्थानीय व्यापार व विकास को भी गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने जर्जर ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग करते हुए गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क की आवश्यकता बताई।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। यूनियन ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेकर बागपत के किसानों और आम जनता को राहत देगी।
