
21 मार्च 2026 | गाजियाबाद/मुजफ्फरनगर/मेरठ
बिंदल्स ग्रुप पर आयकर विभाग का बड़ा एक्शन, 3 करोड़ कैश और 20 करोड़ के आभूषण बरामद
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की इन्वेस्टिगेशन विंग (मेरठ यूनिट) ने बिंदल्स ग्रुप पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। विभाग ने इनकम टैक्स एक्ट 1961 की धारा 132 के तहत मेसर्स बिंदल्स पेपर्स मिल्स लिमिटेड (BPML) और उससे जुड़ी कंपनियों के ठिकानों पर सर्च और सीज़र ऑपरेशन चलाया।
यह छापेमारी 18 मार्च 2026 को शुरू हुई, जो दिल्ली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर सहित कई लोकेशनों पर एक साथ की गई। कार्रवाई में मुजफ्फरनगर की 6 बड़ी पेपर मिलें शामिल रहीं, जिनमें बिंदल्स डुप्लेक्स लिमिटेड, अग्रवाल डुप्लेक्स बोर्ड मिल्स, टिहरी पल्प एंड पेपर मिल्स, शाकुंभरी पल्प एंड पेपर मिल्स और बिंदल इंडस्ट्रीज लिमिटेड शामिल हैं। इसके अलावा बिजनौर के चांगीपुर गांव स्थित शुगर यूनिट की भी जांच की गई।
छापे में क्या मिला?
जांच के दौरान आयकर विभाग को ₹3 करोड़ से अधिक का बेहिसाबी कैश और ₹20 करोड़ से ज्यादा कीमत के आभूषण बरामद हुए। साथ ही 50 से अधिक अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
टैक्स चोरी का तरीका उजागर
जांच में सामने आया कि ग्रुप द्वारा खोई (गन्ने का अवशेष) और अन्य कच्चे माल की बिना हिसाब खरीद की जा रही थी। इसके अलावा पेपर सेक्टर में ₹50 करोड़ से ज्यादा की फर्जी खरीद का मामला भी सामने आया है।
शुगर यूनिट में बिना हिसाब बिक्री और संदिग्ध नकद भुगतान के जरिए असली मुनाफा छिपाने के संकेत मिले हैं।
₹171 करोड़ की कटौती पर सवाल
आयकर विभाग को धारा 80IA के तहत ₹171.3 करोड़ की कटौती के गलत दावे का भी संदेह है। जांच में यह भी सामने आया कि ग्रुप अलग-अलग यूनिट्स के लिए अलग अकाउंट बुक्स नहीं रख रहा था, जिससे टैक्स लाभ लेने की पात्रता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच जारी
तलाशी का सक्रिय चरण अब समाप्त हो चुका है, लेकिन विभाग पोस्ट-सर्च जांच में जुटा है। अधिकारियों द्वारा कंपनी के निदेशकों और प्रमुख कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में और बड़े वित्तीय खुलासे हो सकते हैं।
