झांसी: लाल थार से युवक का अपहरण, पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार, अपहृत सकुशल बरामद

झांसी के थाना नवाबाद क्षेत्र में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने लाल रंग की बिना नंबर प्लेट की थार कार से अपहरण करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है।
घटना राजपूत कॉलोनी क्षेत्र की है। 8 मार्च को अभय कुशवाहा ने थाना नवाबाद में तहरीर देकर बताया कि 7 मार्च की देर रात वह अपने साथियों राज पाठक और ऋषभ राय के साथ बाइक से एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की थार कार में सवार अरुण यादव निवासी चिरगांव अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि बदमाशों ने फायरिंग करते हुए राज पाठक को जबरन थार में बैठाकर अगवा कर लिया और उसे छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी झांसी ने तीन पुलिस टीमों का गठन कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी और आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
सोमवार सुबह पैरा मेडिकल रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने अपहृत राज पाठक को सकुशल छुड़ा लिया और मुख्य आरोपी अरुण यादव, हर्ष यादव सहित दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक आरोपी रजत यादव मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की लाल थार कार, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
मामले में क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
