🔥 जमीन बेचकर शुरू किया यूट्यूब चैनल, काम नहीं चला तो युवक ने स्टूडियो में लगाई आग

खुद को कमरे में किया बंद, परिवार बाल-बाल बचा, 10 लाख से ज्यादा का नुकसान
झारखंड | डिजिटल न्यूज़
गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 27 वर्षीय युवक विनायक प्रजापति ने बुधवार रात अपने ही घर में बने स्टूडियो में आग लगा दी। घटना के वक्त युवक ने खुद को स्टूडियो के अंदर बंद कर लिया था। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई है।
🎥 यूट्यूब चैनल के लिए बेची थी जमीन
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विनायक प्रजापति ने कुछ समय पहले जमीन बेचकर अपना यूट्यूब चैनल और स्टूडियो शुरू किया था। घर के पास ही बने स्टूडियो में वह वीडियो एडिटिंग और कंटेंट निर्माण का काम करता था। लेकिन चैनल के अपेक्षित रूप से न चल पाने के कारण वह बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था।
🚪 अंदर से बंद किया दरवाजा, फिर लगाई आग
बुधवार रात करीब 10 बजे विनायक ने स्टूडियो का दरवाजा अंदर से बंद कर उसमें आग लगा दी। उसी समय घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मेराल थाना प्रभारी विजय कांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण हालात गंभीर हो गए थे, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दरवाजा तोड़ा और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
🚒 दमकल ने पाया काबू, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझाया। हालांकि तब तक स्टूडियो और घर का बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट हो चुका था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों और कारणों से उठाया।

