मेरठ: पत्नी के प्रेमी की सरेआम गोली मारकर हत्या, हत्यारोपी ने वीडियो बनाकर किया जुर्म कबूल, पुलिस को दी खुली चुनौती

मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब सरेआम बाजार में बाइक सवार युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या की पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें आरोपी बेखौफ होकर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय सुरेंद्र उर्फ सुनील गाबा, निवासी जीवनपुरी कॉलोनी, रामराज कस्बा के रूप में हुई है। आरोपी ने कनपटी पर सटाकर गोलियां मारते हुए युवक की हत्या की और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
तीन तमंचे लेकर आया था आरोपी, एक के बाद एक मारी गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी प्रदीप धीमान अंटी में तीन तमंचे लेकर मौके पर पहुंचा था। पहले कमर पर गोली मारी, इसके बाद दूसरा तमंचा निकालकर सिर के पीछे दो गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही सुरेंद्र बाइक से नीचे गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया।
आरोपी की दहशत इतनी थी कि भीड़ में मौजूद कोई भी व्यक्ति घायल को बचाने आगे नहीं आया।
पत्नी के अवैध संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की रंजिश है। मृतक सुरेंद्र उर्फ सुनील, फलावदा क्षेत्र के सनौता गांव निवासी प्रदीप धीमान की पत्नी पूनम को करीब डेढ़ साल पहले भगा ले गया था। महिला अपने दो बच्चों को पति के पास छोड़कर प्रेमी के साथ रहने लगी थी।
गांव में पंचायत भी हुई थी, जहां महिला ने बालिग होने का हवाला देते हुए प्रेमी संग रहने की बात कही थी। तभी से आरोपी प्रदीप के मन में गहरा आक्रोश था और वह बदला लेने की फिराक में था।
हत्या के बाद वायरल हुआ आरोपी का वीडियो
वारदात के बाद हत्यारोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह हत्या करने की वजह बताते हुए खुलेआम जुर्म कबूल करता नजर आ रहा है। वीडियो में आरोपी ने हथियार कहां से खरीदे, कैसे हत्या की योजना बनाई और यहां तक कि मेरठ पुलिस को अपशब्द कहते हुए खुली चुनौती भी दी है।
वीडियो में आरोपी अपनी पत्नी की हत्या की धमकी देता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुई लाइव हत्या
बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे जब सुरेंद्र खेत से लौटकर अपने पिता की दुकान की ओर जा रहा था, तभी रामराज कस्बे में सनातन धर्म मंदिर के पास पीछे से नकाबपोश प्रदीप धीमान पहुंचा और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
तीन टीमें गठित, आरोपी की तलाश जारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को मवाना सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ मवाना पंकज लवानिया और एसपी देहात अभिजीत कुमार मौके पर पहुंचे। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
