मथुरा- पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एसटीएफ ने आरोपी दबोचा
मथुरा
उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा और नकल कराने की साजिश रचने वाले एक गिरोह का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। एसटीएफ मेरठ की फील्ड यूनिट ने शनिवार रात थाना राया क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा पास कराने का झांसा दे रहा था।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ मेरठ यूनिट के उपनिरीक्षक संजय कुमार को सर्विलांस और मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम हवेली निवासी अनुज कुमार कस्बा राया में अपने एक साथी से मिलने आने वाला है। आरोपी अभ्यर्थियों से पैसे लेकर उन्हें परीक्षा में नकल कराने की योजना बना रहा था।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बलदेव रोड स्थित रजनी लाइब्रेरी के पास घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा, टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अनुज कुमार के रूप में हुई, जो अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षा में मदद करने का लालच देकर पैसे ऐंठता था।
एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि भर्ती परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल या फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
