मुजफ्फरनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: 80 करोड़ की साइबर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब 80 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 06 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के खिलाफ देश के कई राज्यों में 100 से अधिक शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना फुगाना और साइबर क्राइम थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कॉल और साइबर फ्रॉड के जरिए लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते, सिम कार्ड, आधार और पैन कार्ड हासिल करते थे, जिनका इस्तेमाल देश-विदेश में साइबर अपराध के लिए किया जाता था।
📱 बरामदगी में चौंकाने वाला खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से:
09 मोबाइल फोन
12 एटीएम कार्ड
02 पैन कार्ड, 01 आधार कार्ड
02 चेकबुक, 01 पासबुक
07 फिनो बैंक की प्री-एक्टिवेटेड किट
01 वाई-फाई राउटर, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर
₹5610 नकद
बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल और खातों से जुड़े 150 से अधिक बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया। महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में इस गिरोह के खिलाफ मामले दर्ज हैं।
👥 ऐसे करते थे साइबर ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पैसों का लालच देकर भोले-भाले लोगों से बैंक खाते और दस्तावेज लेते थे। इन खातों में साइबर फ्रॉड का पैसा मंगवाकर कमीशन काटकर आगे ट्रांसफर किया जाता था। कई खातों से एटीएम के जरिए सीधे पैसे भी निकाले जाते थे।
फिलहाल दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉 मुजफ्फरनगर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

