मुजफ्फरनगर

निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर तैनात किए गए पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी स्थल से मिले नदारद एक्शन मोड में एसएसपी,
मुजफ्फरनगर में पुलिस व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब संजय कुमार वर्मा मंगलवार तड़के सुबह करीब 4 बजे औचक निरीक्षण पर शहर की सड़कों पर निकले। निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर तैनात किए गए पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से नदारद मिले, जिससे एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा शाहपुर क्षेत्र में हुई घटना की सूचना के बाद सुबह पौने चार बजे अपने आवास से बसी कला गांव के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने मुजफ्फरनगर शहर के लाला लाजपत राय (प्रकाश) चौक, शिव चौक, मिनाक्षी चौक, रेलवे रोड और शामली बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इन सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब मिले।
इतना ही नहीं, क्यूआरटी, पीआरवी और चीता मोबाइल भी मौके पर मौजूद नहीं पाए गए। इस गंभीर लापरवाही पर एसएसपी ने वायरलेस सेट पर ही कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि ड्यूटी से नदारद पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि संवेदनशील जिले में ऐसी लापरवाही किसी भी बड़ी घटना को न्योता दे सकती है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दोपहर में एसएसपी ने पुलिस कार्यालय में शहर के चारों थाना प्रभारियों को तलब किया। बैठक के दौरान ड्यूटी में लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी जताई गई और सभी को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।
