पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, नशे की गोलियां देकर हथौड़ी से की निर्मम हत्या
मुजफ्फरनगर से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। शहर से सटे मलीरा गांव में रहने वाले युवक संदीप की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपी पत्नी मीनाक्षी और उसके ममेरे भाई व प्रेमी गौतम उर्फ सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मीनाक्षी और गौतम के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। इस रिश्ते की जानकारी संदीप को हो चुकी थी और वह इसका लगातार विरोध कर रहा था। आए दिन होने वाले झगड़ों और विरोध के चलते संदीप दोनों के रास्ते की सबसे बड़ी बाधा बन गया था। इसी कारण आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
योजना के तहत शनिवार रात संदीप को पहले नशे की गोलियां खिलाई गईं, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने हथौड़ी से उसके सिर, चेहरे और गले पर कई वार कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। हत्या को हादसा या गुमशुदगी का रूप देने के लिए शव को बाइक पर लादकर जंगल में फेंक दिया गया।
हत्या के बाद आरोपियों ने खून से सने कपड़े बदल दिए और खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस को शुरू से ही मामला संदिग्ध लग रहा था। मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें पूरा सच सामने आ गया।
मामले का खुलासा करते हुए सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस वारदात के खुलासे के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
