गली बनवाओ सलमान भाई! बागपत से बॉलीवुड के ‘करण–अर्जुन’ को पुकार
बागपत (उत्तर प्रदेश)
कहते हैं जब सिस्टम से इंसाफ की उम्मीद टूट जाती है, तो आम आदमी आख़िरी आस आसमान या फिर किसी मसीहा से करता है। बागपत के छपरौली ब्लॉक स्थित किरठल गांव में कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जहां एक बेबस पिता ने प्रशासन से हार मानकर सीधे बॉलीवुड के ‘करण–अर्जुन’ को याद कर लिया।
किरठल गांव निवासी फुरकान उस समय सबका ध्यान खींचने में कामयाब रहे, जब वह अधिकारियों के सामने हाथों में Salman Khan और Shah Rukh Khan की तस्वीरें लेकर पहुंचे। गले में मेडल डाले फुरकान ने भावुक अंदाज़ में न सिर्फ अपने बेटे का मेडल लौटाने की बात कही, बल्कि यहां तक कह दिया कि अगर गली नहीं बन सकती तो उन्हें अपनी और बेटे की किडनी बेचने की अनुमति दे दी जाए। यह सुनकर अधिकारी भी कुछ पल के लिए सकते में आ गए।
दरअसल, किरठल गांव की एक प्रमुख गली बीते कई वर्षों से बदहाली का शिकार है। बारिश होते ही यह गली कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो जाती है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि ग्रामीणों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चों का स्कूल जाना, बुज़ुर्गों का इलाज और महिलाओं का रोज़मर्रा का कामकाज तक प्रभावित होता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से लेकर ब्लॉक और जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। यहां तक कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय तक फरियाद भेजने का दावा भी किया जा रहा है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
फुरकान का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि और अधिकारी उनकी नहीं सुन रहे, तो उन्होंने मजबूरी में बॉलीवुड सितारों से मदद की अपील की। उनका तर्क है कि अगर सरकार के पास एक छोटी सी गली बनवाने का बजट नहीं है, तो शायद फिल्मी दुनिया के ‘करण–अर्जुन’ उनकी मदद कर सकें। इस अनोखे विरोध और भावुक अपील ने सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचा है।
फिलहाल अधिकारियों ने फुरकान को आश्वासन देकर वापस भेज दिया है। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या यह भावुक गुहार प्रशासन को जगाएगी, या फिर किरठल गांव के लोग यूं ही ‘करण–अर्जुन’ के लौटने का इंतज़ार करते रहेंगे।
