मुजफ्फरनगर में 22 फरवरी को मेगा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
मुजफ्फरनगर।
जनपद में आम नागरिकों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर द्वारा एक वृहद विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 22 फरवरी 2026 (रविवार) को मेरठ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सुजड़ू परिसर में आयोजित होगा।
इस मेगा शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों—जैसे गरीब, महिलाएं, दिव्यांगजन, बच्चे, श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति—को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें उनके विधिक अधिकारों व सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। शिविर में न्यायालय से जुड़े मामलों पर मुफ्त कानूनी परामर्श, प्रकरणों के समाधान के विकल्प तथा योजनाओं का लाभ दिलाने में मार्गदर्शन किया जाएगा।
इसके साथ ही “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान” के अंतर्गत मध्यस्थता (मेडिएशन) की प्रक्रिया, उसके प्रकार और लाभों पर विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा। मध्यस्थता के माध्यम से पारिवारिक, वैवाहिक, संपत्ति एवं अन्य दीवानी विवादों का समाधान अदालत के बाहर आपसी सहमति से संभव है, जो समयबद्ध, कम खर्चीला और संबंधों को सुरक्षित रखने वाला विकल्प है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का यह प्रयास न्याय तक पहुंच को आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शिविर में भाग लेने हेतु सभी नागरिकों का हार्दिक स्वागत है।
— डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी
(सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर)
