मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत पिंक स्कूटी रैली, SSP ने दिखाई हरी झंडी

मुजफ्फरनगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर से पिंक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर, क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जागरूकता ही मुख्य उद्देश्य
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
हेल्पलाइन और सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
रैली के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को 1090, 112 और 181 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा से बचाव तथा शिकायत की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया।
निरंतर चल रहे हैं अभियान
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
