गैस किल्लत पर बोले राज्यमंत्री सतीश शर्मा

डिजिटल खबर:
उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के मौके पर बाराबंकी में आयोजित प्रेस वार्ता में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान जिले में सामने आ रही गैस किल्लत और एजेंसियों पर लग रही लंबी कतारों को लेकर भी उन्होंने बड़ा बयान दिया।
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने साफ कहा कि प्रदेश और देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में देश के पास 45 दिनों का पर्याप्त डीजल, पेट्रोल और गैस का स्टॉक सुरक्षित है।
उन्होंने विपक्ष और कुछ असामाजिक तत्वों पर आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर जनता को भड़काने और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिससे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है।
मंत्री ने कहा कि पहले देश कुछ ही देशों पर ईंधन के लिए निर्भर था, लेकिन अब भारत 40 से अधिक देशों से आयात कर रहा है, जिससे आपूर्ति बाधित होने की कोई संभावना नहीं है।
गैस एजेंसियों पर लग रही भीड़ को लेकर उन्होंने इसे ‘साजिश’ करार दिया और चेतावनी दी कि कालाबाजारी करने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध स्टॉक या गड़बड़ी मिलेगी, वहां सीधे एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
