बुढ़ाना पहुंचे अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, कृषि भूमि खरीद के लिए तहसील में किए कागजों पर हस्ता
क्षर
मुजफ्फरनगर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और बुढ़ाना के मूल निवासी नवाजुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार को अपने मंझले भाई व फिल्म प्रोड्यूसर फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ बुढ़ाना पहुंचे। यहां उन्होंने मोहल्ला काजीवाड़ा स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। नवाजुद्दीन के बुढ़ाना पहुंचने की खबर मिलते ही कस्बे में खासकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पैतृक आवास पहुंचकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सबसे पहले अपनी अम्मी हज्जन मेहरुनिशां से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने अपने भाई एडवोकेट अलमासुद्दीन सिद्दीकी और माजुद्दीन सिद्दीकी से मिलकर हालचाल जाना।
परिवार से मिलने के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी सीधे बुढ़ाना तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने अधिवक्ता प्रशांत शर्मा के चैंबर में पहुंचकर उनसे और संदीप बालियान से बातचीत की। इस दौरान कृषि भूमि खरीद से जुड़े कुछ कागजातों पर उन्होंने हस्ताक्षर किए। बताया जा रहा है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी करीब 50 बीघा कृषि भूमि खरीदने की प्रक्रिया में हैं, जिसके लिए जरूरी रजिस्ट्री और बैनामे से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके बाद वे तहसील परिसर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे, जहां सब-रजिस्ट्रार पंकज कुमार जैन की मौजूदगी में बैनामे की प्रक्रिया पूरी करते हुए कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
इस दौरान तहसील परिसर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों, खासकर युवाओं की भीड़ जमा हो गई। अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए।
बताया जा रहा है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक-दो दिन बुढ़ाना में रुककर जमीन से संबंधित अन्य कागजी कार्रवाई भी पूरी करेंगे।

क्षर