चमोली (गैरसैंण)।
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विधानसभा के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश के कई इलाकों में रसोई गैस सिलेंडर निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बेचे जा रहे हैं। उनका कहना है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है और आम जनता को महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और कालाबाजारी पर तुरंत रोक लगाई जाए।
वहीं, इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और कालाबाजारी जैसी स्थिति भी नहीं है। उन्होंने बताया कि यह एक वैश्विक स्तर से जुड़ा मुद्दा है, जिस पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। सरकार का दावा है कि उत्तराखंड में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
