शाहपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 5 अवैध पैथोलॉजी लैब व एक्स-रे सेंटर सील
मुजफ्फरनगर, 13 मार्च 2026। जनपद में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे सेंटर और झोलाछाप क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर शुक्रवार को कस्बा शाहपुर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच में कई केंद्र बिना वैध अनुमति और मानकों के विपरीत संचालित पाए गए। कार्रवाई करते हुए टीम ने 5 अवैध पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे सेंटरों को सील कर दिया।
सील किए गए संस्थान:
कुमार पैथोलॉजी लैब, बुढ़ाना रोड
गौरी पैथोलॉजी लैब सर्विस, बस्सी रोड
सिंगल पैथोलॉजी लैब की लैबोरेट्री यूनिट
कृष्ण फिजियोथैरेपी क्लिनिक में संचालित एक्स-रे सेंटर
न्यू जीवन क्लिनिक इलेक्ट्रोपैथी सेंटर का एक्स-रे कक्ष
इसके अलावा न्यू हेल्थ केयर डायग्नोस्टिक, अहमद हॉस्पिटल, रॉयल पैथोलॉजी लैब और लाइफ लाइन हॉस्पिटल को अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के शाहपुर पहुंचते ही कई अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया और कुछ ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर तक बंद कर दिए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि बिना अनुमति संचालित किसी भी चिकित्सा संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
