उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कई अहम मुद्दों पर बड़ा बयान दिया।
यह कार्यक्रम योगी सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा आयोजित किया गया था, जहां आचार्य ने मंत्रियों, भाजपा नेताओं और कवित्री अनामिका अंबर के साथ फूलों की होली खेली और होली गीत गाकर माहौल को उत्साह से भर दिया।
मुजफ्फरनगर का नाम बदलने की मांग
मीडिया से बातचीत में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मी नगर किया जाना चाहिए, इसके शास्त्रीय प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने योगी आदित्यनाथ से अपील की कि जनता की भावनाओं को देखते हुए इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाए और इसके परिणाम जल्द सामने आएंगे।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद मामले पर बयान
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज मुकदमे पर आचार्य ने कहा कि इससे सनातन धर्म की क्षति हो रही है। सभी उच्च संतों, महात्माओं और विद्वतजनों को उत्तर प्रदेश सरकार के साथ संवाद कर समाधान निकालना चाहिए। अपराध के प्रश्न पर उन्होंने निष्पक्ष जांच की बात कही और उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे मां सीता ने अग्नि परीक्षा दी थी, वैसे ही शंकराचार्य को भी न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत की न्यायपालिका पूरा न्याय करेगी।
अखिलेश यादव की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया
सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर टिप्पणी के सवाल पर आचार्य ने कहा कि रमजान का महीना है, ऐसे समय में इबादत पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विदेश जाकर देश का मान बढ़ा रहे हैं, इसलिए अनावश्यक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए।
जापान का नाम बदलकर “योगी आदित्यनाथ पुरम” वाले बयान पर आचार्य ने तंज कसते हुए कहा कि 2027 के बाद सफाई और इटावा का नाम भी बदला जा सकता है।
होली–रमजान और UGC पर राय
होली और रमजान एक साथ पड़ने पर आचार्य ने कहा कि भारत में हर त्योहार बड़े उत्साह से मनाया जाता है—रमजान भी भारत का है और सभी त्योहारों की उन्होंने शुभकामनाएं दीं।
यूजीसी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज में विद्वेष या विघटन पैदा करने वाला कोई भी कानून समर्थन योग्य नहीं। साथ ही राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि योगी के विरोध में कांग्रेस अंधी और मोदी के विरोध में नंगी हो गई है।
