मेरठ: किसान नेता की अभद्रता पर भड़के CO अभिषेक तिवारी, बोले— “मेरा एक सिपाही भी अपमानित होगा तो ठीक नहीं होगा”

मेरठ के कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय माहौल गरमा गया जब किसान संगठनों के धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस और किसान नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दरअसल किसान मजदूर संगठन अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने पहुंचा था। प्रदर्शन के दौरान एक किसान नेता ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी, SSI (सब इंस्पेक्टर) के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर दिया।
जैसे ही यह मामला CO सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस दौरान CO अभिषेक तिवारी का सख्त तेवर देखने को मिला। उन्होंने किसान नेता को कड़ी फटकार लगाते हुए साफ शब्दों में कहा कि पुलिसकर्मियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
CO अभिषेक तिवारी ने सख्त लहजे में कहा, “मेरा खड़ा एक सिपाही भी अगर अपमानित होगा तो ठीक नहीं होगा।” उनका यह बयान सुनते ही मौके पर मौजूद लोगों में खामोशी छा गई। बताया जा रहा है कि CO ने किसान नेता को अनुशासन में रहने और कानून का सम्मान करने की नसीहत भी दी।
अभिषेक तिवारी वर्ष 2013 बैच के PPS अधिकारी हैं और अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। कलेक्ट्रेट में मौजूद लोगों के अनुसार, जिस तरह से उन्होंने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया, उससे माहौल और ज्यादा बिगड़ने से बच गया।
दरअसल किसान मजदूर संगठन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा था और प्रदर्शन कर रहा था। इसी दौरान पुलिस और कुछ किसान नेताओं के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते-देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। हालांकि CO के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें CO अभिषेक तिवारी किसान नेता को सख्त लहजे में समझाते हुए नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस अधिकारियों का इस तरह अपने जवानों के सम्मान के लिए खड़ा होना पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने वाला कदम है। वहीं प्रशासन की ओर से भी साफ कर दिया गया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
