आगरा
चार साल बाद टूटा रिश्ता: भारतीय स्पिनर राहुल चाहर ने साझा किया तलाक का भावुक नोट
भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर राहुल चाहर ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा अहम फैसला सार्वजनिक किया है। आगरा के रहने वाले राहुल चाहर ने पत्नी ईशानी जौहर से अलग होने की जानकारी अपने X (पूर्व ट्विटर) और इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से दी। राहुल ने एक भावुक और आत्ममंथन से भरा नोट साझा करते हुए बताया कि उनका वैवाहिक रिश्ता अब औपचारिक रूप से समाप्त हो चुका है।
इस मामले में राहुल चाहर के पिता लोकेंद्र चाहर से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने पुष्टि की कि राहुल और ईशानी का हाल ही में अदालत के माध्यम से तलाक हो चुका है। उन्होंने बताया कि विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है। परिवार की ओर से भी इस फैसले को निजी बताते हुए किसी प्रकार की अतिरिक्त टिप्पणी से इनकार किया गया।
X हैंडल पर लिखा भावुक संदेश
राहुल चाहर ने X हैंडल पर अंग्रेज़ी में एक लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी शादी, जीवन के अनुभवों और बीते 15 महीनों के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि कम उम्र में शादी करने के कारण वह खुद को और अपने जीवन के उद्देश्यों को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। अदालतों के चक्कर लगाते हुए उन्होंने धैर्य, सहनशीलता और सच्चाई से मिलने वाली ताकत को महसूस किया।
राहुल ने यह भी कहा कि वह इस अध्याय को गुस्से या पछतावे के साथ नहीं, बल्कि स्पष्टता और आत्मसम्मान के साथ बंद कर रहे हैं। उनके शब्दों में, “यह अंत नहीं है, यह एक मुक्ति है और एक नई शुरुआत।”
2022 में हुई थी शादी
राहुल चाहर और ईशानी जौहर की शादी 9 मार्च 2022 को गोवा में ड्रीम बीच वेडिंग के रूप में हुई थी। उस समय शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं और फैंस ने दोनों को भरपूर शुभकामनाएं दी थीं। हालांकि, चार साल बाद दोनों ने अलग-अलग रास्ते चुनने का फैसला किया है।
करियर पर फोकस
राहुल चाहर, जो भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के भाई भी हैं, अब पूरी तरह अपने क्रिकेट करियर पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस और साथी खिलाड़ी उन्हें इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
