प्रदूषण मानकों की अनदेखी पर सख्त रुख,18 औद्योगिक इकाइयों को नोटिस, बिजली कनेक्शन कटने की चेतावनी
मुजफ्फरनगर | संवाददाता
प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन न करने पर जिले की 18 औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के निर्देशों के तहत उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इन इकाइयों को नोटिस जारी किए हैं और विद्युत कनेक्शन काटने के लिए विद्युत विभाग को भी पत्र भेजा गया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने उन उद्योगों को चिह्नित किया है, जिन्होंने ऑनलाइन सतत निगरानी प्रणाली (OCMS) नहीं लगाई है। इस प्रणाली के माध्यम से उद्योगों से निकलने वाले वायु प्रदूषण की ऑनलाइन, रियल-टाइम निगरानी की जाती है। OCMS की कनेक्टिविटी सीधे UPPCB और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से जुड़ी रहती है। इसके लिए उद्योगों की चिमनियों पर कैमरा व अन्य संसाधन लगाए जाने अनिवार्य हैं।
बोर्ड के अनुसार, यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2025 तक सभी औद्योगिक इकाइयों में लागू होनी थी, लेकिन कई इकाइयों ने इसमें लापरवाही बरती। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी गीतेश चंद्रा ने बताया कि नियमों की अवहेलना करने वाली 18 इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और संचालकों को नोटिस देकर अंतिम चेतावनी दी गई है।
इन 18 औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई शुरू
बाहुबली स्टील (वहलना)
मित्तल कास्टिंग एंड इंजीनियरिंग
तारा टेक्नो मशीन (रुड़की रोड)
उज्ज्वल कास्टिंग
सुमन इंजीनियरिंग एंड केमिकल
एमआर मेटल वर्क्स (हुसैनपुर बोपाड़ा, बेगराजपुर)
आरके मेटल वर्क्स
प्रिंस मेटल एंड एलॉयज
श्री मेटल वर्क्स
ताज मेटल
पीएसआर मेटल (बेगराजपुर)
जेपीडी मेटल (खांजापुर, बुढ़ाना रोड)
तालिब मेटल
एमएसक्यू (धंधेड़ा)
जय माहेश्वरी एलॉयज (पुरकाजी, हदूद से बाहर)
एमएसए स्टील (जड़ौदा)
अंकुर फर्टिलाइजर (बुढ़ाना रोड)
एमएलआर फूड्स
यदि तय समय में OCMS नहीं लगाई गई, तो बिजली कनेक्शन काटने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने उद्योग संचालकों से नियमों का तत्काल पालन करने की अपील की है।
