रमजान और होली पर गरीबों को मिला प्रधानमंत्री की ओर से बड़ा तोहफा-कपिलदेव ने सोपी 224 घरों की चाबी
Oplus_16908288
मुजफ्फरनगर। रमजान और होली से पहले जिले के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री की ओर से बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने एमडीए परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 224 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपीं। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन आवासों का वितरण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लाभार्थियों को अपने हाथों से घरों की चाबियां सौंपते हुए मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत खुशी और संतोष का क्षण है। उन्होंने बताया कि आवास योजना की नींव रखने से लेकर उसे गति देने तक उन्होंने लगातार प्रयास किए। आज जब पात्र और बेघर परिवारों को उनका खुद का पक्का घर मिल रहा है, तो उन्हें गर्व और संतोष की अनुभूति हो रही है।
राज्यमंत्री ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य हर गरीब को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में अब रमजान और होली जैसे पावन पर्व एक साथ मनाए जाएंगे, जहां हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिलेगी।
एमडीए परिसर पहुंचने पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा और सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने राज्यमंत्री का फूलों का बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता कुश पूरी, भाजपा नेता शरद शर्मा, एमडीए बोर्ड मेंबर गजे सिंह सहित प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री आवास की चाबी पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। एक महिला लाभार्थी ने कहा कि वर्षों से अपने पक्के घर का सपना था, जो आज साकार हो गया। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।