मुजफ्फरनगर में पूर्ति विभाग की छापेमारी, सांसद उम्मीदवार से जुड़े प्रतिष्ठान से 12 अवैध गैस सिलेंडर बरामद

मुजफ्फरनगर:
ईरान-इजरायल के बीच चल रहे तनाव के बीच डीजल, पेट्रोल और गैस की किल्लत की अफवाहों के चलते जमाखोरी की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पूर्ति विभाग ने पुलिस टीम के साथ शामली रोड स्थित कुंदनपुरा मोहल्ले में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित गैस सिलेंडर बरामद किए।
पूर्ति निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव और शामली स्टैंड चौकी प्रभारी देवपाल सिंह की संयुक्त टीम ने एक शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक दुकान पर छापा मारा। जांच में दुकान के अंदर से 12 खाली गैस सिलेंडर, छोटे सिलेंडर और गैस चूल्हे बरामद हुए।
बताया जा रहा है कि बाहर से यह दुकान सामान्य दिखाई दे रही थी और उस पर एयरटेल का बोर्ड लगा हुआ था, जहां संचालक राजकिशोर गर्ग मोबाइल रिचार्ज और बैंकिंग ट्रांजेक्शन (नकद निकासी) का काम करता था। अधिकारियों को आशंका है कि सुबह के समय भरे हुए सिलेंडरों को ऊंची कीमत पर बेच दिया गया था, जिसके चलते मौके से केवल खाली सिलेंडर ही बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान दुकान संचालक सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पूर्ति विभाग ने जिलाधिकारी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
