खाईखेड़ी चीनी मिल पर गन्ना एक्ट के नियमों की अनदेखी? दो केंद्रों की जगह चल रहा सिर्फ एक गन्ना क्रय केंद्र

मुजफ्फरनगर:
चरथावल क्षेत्र के किसानों में खाईखेड़ी चीनी मिल के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों का आरोप है कि मिल प्रबंधन गन्ना अधिनियम के नियमों की अनदेखी करते हुए दो स्वीकृत गन्ना क्रय केंद्रों की जगह केवल एक ही केंद्र संचालित कर रहा है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि शासन द्वारा चरथावल क्षेत्र में दो गन्ना क्रय केंद्र आवंटित किए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में केवल एक ही केंद्र पर तौल हो रही है। इसके चलते किसानों को घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है और कई बार ट्रैक्टर-ट्रॉली रातभर लाइन में खड़ी रहती हैं।
देरी से तौल होने के कारण गन्ने की गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन गन्ना अधिनियम के नियमों को ‘ठेंगे पर’ रखकर काम कर रहा है, जबकि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
किसानों का यह भी आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिला गन्ना अधिकारी किसानों का फोन तक नहीं उठाते, जबकि गन्ना सीजन समाप्ति की ओर है और अभी तक दूसरा क्रय केंद्र शुरू नहीं किया गया।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दूसरा गन्ना क्रय केंद्र शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर मिल प्रबंधन पर कार्रवाई करने और दोनों केंद्रों को तत्काल संचालित कराने की मांग की है।
