मेरठ में ‘नस्ल बचाओ’ का संदेश, चंद्रमोहन ने नशा और जाति के खिलाफ छेड़ी मुहिम

वलीदपुर में जनसभाएं, हजारों मजदूर-किसानों की भागीदारी
मेरठ
हिन्द मजदूर किसान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रान्तिगुरु श्री चंद्रमोहन ने जनपद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में “फसल से पहले नस्ल बचाओ” का संदेश देते हुए नशा और जातिवाद के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया।
मंसूरपुर क्षेत्र के पुरा ग्राम में त्यागी समाज के अध्यक्ष संजीव त्यागी के आवास पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फसल दोबारा उगाई जा सकती है, लेकिन अगर नस्ल बर्बाद हो गई तो उसे संभालना बेहद कठिन है। उन्होंने लोगों से नशे और जाति के जहर से दूर रहने का आह्वान किया।
इसके बाद सकौती टांडा में शहीद शिरोमणि महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वहीं वलीदपुर स्थित श्री परमधाम में आयोजित महासभा में भी उन्होंने मजदूर-किसानों को जागरूक किया। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पुरुष और महिला किसान शामिल हुए।
चंद्रमोहन ने अपने संबोधन में कहा कि नशा परिवार और जमीन दोनों को बर्बाद कर देता है, जबकि जातिवाद समाज को कमजोर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भ्रष्ट नेता समाज को नशे और जाति के जाल में फंसाकर अपना स्वार्थ साधते हैं, इसलिए ऐसे तत्वों का बहिष्कार जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को नशामुक्त और जातिवाद से ऊपर उठना होगा। इसी क्रम में हजारों युवाओं को जनेऊ धारण कराकर नशामुक्ति और सामाजिक एकता की शपथ दिलाई गई। साथ ही पढ़ाई और दवाई को सभी के लिए समान और निःशुल्क करने की मांग को लेकर भी जागरूक किया गया।
महासभा में हजारों की संख्या में मजदूर-किसानों की उपस्थिति रही, जहां “नस्ल बचाओ” अभियान को लेकर व्यापक समर्थन देखने को मिला।
