गैस आपूर्ति में लापरवाही पर सख्त हुए मंत्री कपिल देव, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
मुजफ्फरनगर, 14 मार्च 2026।
जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया। मेरठ रोड स्थित विकास भवन में उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर गैस वितरण व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की।
बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण कंडारकर, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर और जिला पूर्ति अधिकारी हरी ओम उपाध्याय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री कपिल देव ने गैस सिलेंडर की आपूर्ति में देरी और वितरण में अनियमितताओं पर नाराज़गी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध बनाई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि प्रशासन गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहा है और लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
