मुजफ्फरनगर: “सशक्त महिलाएं ही समृद्ध उत्तर प्रदेश की आधारशिला” — गीता शाक्य
मुजफ्फरनगर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेरठ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में “सशक्त नारी – समृद्ध उत्तर प्रदेश” थीम पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, मुजफ्फरनगर द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद गीता शाक्य और प्रदेश सरकार के मंत्री कपिलदेव अग्रवाल
शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में गीता शाक्य ने कहा कि आज की नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला भी है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति में महिलाओं को हमेशा सम्मान और गौरव का स्थान मिला है और आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से देश को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कौशल विकास और शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि “सशक्त नारी – समृद्ध उत्तर प्रदेश” केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनसे लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई और कौशल विकास संस्थान महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन अमिता चौधरी ने किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक सुशीला अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता सैनी समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
