रूस ने घोषित की नई कैंसर वैक्सीन ‘एंटरोमिक्स’ की सफलता, शुरुआती ट्रायल में 100% असर
मॉस्को — रूस ने चिकित्सा जगत में एक बड़ी घोषणा की है। देश की फ़ेडरल मेडिक्ल एंड बायोलॉजिकल एजेंसी (FMBA) ने कहा है कि उसकी विकसित नई कैंसर वैक्सीन ‘एंटरोमिक्स’ (EnteroMix) ने प्रारंभिक क्लीनिकल परीक्षणों में 100% प्रभावशीलता और सुरक्षा दिखाई है और अब यह स्वास्थ्य मंत्रालय की अंतिम मंजूरी के बाद चिकित्सीय उपयोग के लिए तैयार है।
क्या है एंटरोमिक्स वैक्सीन?
एंटरोमिक्स एक नई तकनीक पर आधारित कैंसर वैक्सीन है जिसे रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय के नेशनल मेडिकल रिसर्च रेडियोलॉजी सेंटर और एंगेलहार्ट इंस्टीट्यूट ऑफ़ मॉलिक्यूलर बायोलॉजी के वैज्ञानिकों ने मिलकर विकसित किया है। यह वैक्सीन पारंपरिक उपचार (जैसे कीमोथैरेपी) की तुलना में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को सक्रिय कर कैंसर कोशिकाओं को पहचानने और नष्ट करने के लिए डिज़ाइन की गई है।
ट्रायल में क्या मिला?
रिपोर्ट्स के अनुसार यह वैक्सीन शुरुआती ट्रायल में रोगियों के ट्यूमर को सिकोड़ने और उनकी वृद्धि को धीमा करने में सफलता दिखा रही है। इसके अलावा किसी गंभीर दुष्प्रभाव की सूचना नहीं मिली है, जिससे वैज्ञानिकों को इसे सुरक्षित बताने का आधार मिला है।
अब आगे क्या होगा?
अभी यह वैक्सीन आधिकारिक नियामक मंजूरी का इंतज़ार कर रही है। मंजूरी मिलने के बाद यह दुनिया की पहली व्यक्तिगत mRNA-आधारित कैंसर वैक्सीन के रूप में मरीजों के लिए उपलब्ध हो सकती है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर यह तकनीक बड़े पैमाने पर सफल होती है, तो यह कैंसर के इलाज के तरीके को बदल सकती है और लाखों रोगियों के लिए नई उम्मीद बन सकती है।

