डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ का औचक निरीक्षण किया
मुज़फ्फरनगर
जनपद मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सीय सुविधाओं और निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. सुनील तेवतिया ने वार्डों में साफ-सफाई, बेड व्यवस्था, पेयजल सुविधा, शौचालयों की स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण किया और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मौजूद उपकरणों, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की तैनाती की जानकारी ली। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इमरजेंसी सेवाएं 24×7 पूरी तत्परता के साथ संचालित की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने जानसठ में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि कार्य को तय मानकों और समयसीमा के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू होने से गंभीर मरीजों को जनपद स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा और उन्हें बड़े शहरों में रेफर करने की जरूरत कम होगी।
इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानसठ क्षेत्र में आयोजित वीएचएनडी (Village Health Nutrition Day) टीकाकरण सत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण की स्थिति और पोषण परामर्श की समीक्षा की। आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. सुनील तेवतिया ने आमजन से अपील की कि वे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करें, अफवाहों से बचें और बच्चों को समय पर टीके अवश्य लगवाएं।
