*
जनपद मुजफ्फरनगर के गाँव भडुरा के किसानों की सैकड़ों बीघा में फैली केले की बेशकीमती फसल फैक्ट्री की राख की भेंट चढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि नजदीक स्थित एक फैक्ट्री से निकलने वाली विषैली राख और धुएँ ने उनकी मेहनत और लाखों रुपए की लागत से तैयार फसल को पूरी तरह बरबाद कर दिया है। घटना से किसान आक्रोश में हैं और प्रशासन तथा प्रदूषण विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
किसानों ने बताया कि करीब 8 महीने पहले उन्होंने लाखों रुपए खर्च करके केले की फसल लगाई थी, जो अब पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। फसल पर फैक्ट्री की राख की मोटी परत जम गई है, जिससे पौधे सूख रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत फैक्ट्री प्रबंधन से की, तो उन्हें धमकियाँ दी गईं। फैक्ट्री मालिक द्वारा किसानों को डराए जाने का आरोप किसानों ने लगाया है
- इस मामले में किसानों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी कई बार शिकायत की, लेकिन उनका आरोप है कि विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। किसानों ने प्रदूषण विभाग पर फैक्ट्री के साथ ‘मिलीभगत’ का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारी जाँच के नाम पर आते हैं, लेकिन फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।
