मुजफ्फरनगर: ईद मिलन में अजय राय का भाजपा पर हमला, किसानों-मजदूरों की समस्याएं गिनाईं

मुजफ्फरनगर, मंगलवार। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, मजदूर और नौकरीपेशा सभी वर्ग परेशान हैं।
अजय राय ने बागपत के किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गन्ना भुगतान नहीं हो रहा है और इस पर खाप चौधरियों ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने जयंत चौधरी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है।
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि कालाबाजारी पर नियंत्रण नहीं है और आम जनता परेशान है। हापुड़ की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लाइन में लगे एक युवक की मौत होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सरकार की विफलता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि कोरोना काल में भी सरकार व्यवस्था बनाने में नाकाम रही और अब भी हालात सुधरते नहीं दिख रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में ऊर्जा संकट की स्थिति बन रही है और आम आदमी पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
स्मार्ट मीटर को लेकर भी अजय राय ने सवाल उठाए और कहा कि इससे आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें गड़बड़ी हो रही है और इसे बंद किया जाना चाहिए। साथ ही कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री सईदुज्जमा द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नेताओं ने इस मौके पर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी दिया।
